राजनगर तालाब में प्रेमी युगल के शव मिलने से सनसनी, दोनों परिवारों ने लगाया हत्या का आरोप, जिला अस्पताल में आपस में भिड़े परिजन
पोस्टमार्टम के बाद सौंपा गया शव
दमोह। देहात थाना क्षेत्र के जबलपुर नाका चौकी अंतर्गत राजनगर तालाब से प्रेमी युगल के शव मिलने से सनसनी फैल गई। सोमवार को कटनी जिले के रंगनाथ थाना क्षेत्र निवासी सत्या निषाद का शव तालाब से बरामद हुआ था। इसके बाद मंगलवार सुबह एसडीईआरएफ की टीम ने दोबारा रेस्क्यू अभियान चलाकर दमोह की इंद्रा कॉलोनी निवासी अनमोल मुड़ा का शव भी उसी तालाब से निकाल लिया। दोनों को घटना से पहले एक ही स्कूटी पर जाते देखा गया था। तालाब किनारे स्कूटी, चप्पल और मोबाइल मिलने के बाद उनकी पहचान हुई।
घटना के बाद आज मंगलवार सुबह जिला अस्पताल में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर हत्या कर शव तालाब में फेंकने का आरोप लगाने लगे। विवाद बढ़ने पर पुलिस बल तैनात कर दोनों पक्षों को अलग किया गया। सोशल मीडिया पर दोनों की कथित मंदिर विवाह की तस्वीरें भी वायरल हो रही हैं, जिनकी पुलिस जांच कर रही है।
मामले में देहात थाना प्रभारी अमित गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
Damoh, Damoh | Jun 23, 2026