नाला जाम, सड़क पर बह रहा गंदा पानी, 10 दिनों से परेशान हैं लोग
जहानाबाद : मलहचक मोड़ से श्याम नगर एवं लोक नगर जाने वाली सड़क पर पिछले करीब 10 दिनों से नाले का गंदा पानी बह रहा है। सड़क पर जलजमाव और गंदगी के कारण स्थानीय लोगों के साथ राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नाला जाम होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है और गंदा पानी सड़क पर फैल गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या कई दिनों से बनी हुई है, लेकिन नगर परिषद की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। सड़क पर लगातार गंदा पानी बहने से दुर्गंध के साथ संक्रमण का खतरा भी बना हुआ है। सबसे अधिक परेशानी पैदल चलने वाले लोगों और आसपास के दुकानदारों को हो रही है।
लोगों का कहना है कि शहर में नाला और सड़क की साफ-सफाई के नाम पर नगर परिषद द्वारा प्रतिमाह लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं। इसके बावजूद मुख्य सड़क पर दस दिनों से नाले का पानी बहना व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद से तत्काल जाम नाले की सफाई कराकर पानी की निकासी सुनिश्चित कराने की मांग की है।
Jehanabad, Jehanabad | Sep 14, 2026