हिमाचल कांग्रेस ने मिशन किन्नौर में भारी भूस्खलन
पहाड़ियों से गिरे मलबे और पत्थरों के कारण NH-5 पूरी तरह ठप, बड़ा हादसा टला
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले किन्नौर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जिला के लाल ढांग के पास पहाड़ियों से कुछ देर पहले अचानक भारी भूस्खलन होने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया है। पहाड़ दरकने से सड़क पर पत्थरों और मलबे की भारी बारिश हुई, जिससे यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है।
इस भयानक भूस्खलन के बीच सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि घटना के वक्त कोई वाहन या राहगीर इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे किसी भी तरह के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है। एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल टल गया।
NH-5 के पूरी तरह बंद हो जाने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। यह हाईवे किन्नौर को शिमला और देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाली मुख्य जीवनरेखा है, जिसके बंद होने से स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही राहत टीमें मशीनरी के साथ मौके के लिए रवाना हो चुकी हैं। हालांकि, पहाड़ियों से रुक-रुक कर गिर रहे पत्थरों के कारण बहाली के कार्य में बाधा आ रही है। प्रशासन ने मुसाफिरों से अपील की है कि वे फिलहाल इस रूट पर यात्रा करने से बचें और मौसम व सड़क की स्थिति साफ होने का इंतजार करें।