हक हकूक जन जागरण अभियान” का पोस्टर जारी,
अधिकारों की लड़ाई को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
अपने हक हकूक के प्रति सजग होना जरूरी- बाजवा
बाजपुर। भूमि बचाओ मुहिम के संयोजक एवं किसान नेता जगतार सिंह बाजवा ने आज प्रेस वार्ता कर “हक हकूक जन जागरण अभियान” के अंतर्गत क्षेत्र की प्रमुख जनसमस्याओं एवं मांगों को लेकर तैयार किए गए पोस्टर को विधिवत जारी किया। अभियान के माध्यम से बाजपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता के हक, अधिकार और विकास से जुड़े 13 प्रमुख मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। जगतार सिंह बाजवा ने कहा कि “जन की आवाज–जन का अधिकार, संगठित समाज, सशक्त किसान और समृद्ध बाजपुर” अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि बाजपुर की जनता लंबे समय से भूमि अधिकार, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, किसान हितों एवं मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों के समाधान की मांग कर रही है, लेकिन इन समस्याओं का आज तक अपेक्षित समाधान नहीं हुआ है। पोस्टर में प्रमुख रूप से बाजपुर के 20 गांवों की 5838 एकड़ भूमि पर भूमिधरी अधिकार वापस करने तथा जमीन के विभिन्न वर्गों को खत्म कर किसानों को मालिकाना हक देने की मांग उठाई गई है। इसके साथ ही क्षेत्र के अस्पताल, पशु चिकित्सालय एवं स्कूलों की दशा सुधारने तथा चयनित मानकों के अनुरूप डॉक्टरों व शिक्षकों की नियुक्ति करने की मांग की गई है।
अभियान के तहत जंगल एवं नदी किनारे बसे गांवों के लोगों को जमीन पर अधिकार, जंगल व खनन क्षेत्र से जुड़ी जनता के लिए उचित व्यवस्था तथा वन उपज से होने वाली आय में स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई है।
किसानों की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि किसानों के खेत की मिट्टी एवं रेत खनन सामग्री पर खेत स्वामी का अधिकार हो। किसानों को निजी उपयोग के लिए जीवनोपयोगी सामग्री लाने-ले जाने की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। जंगल, खनन एवं जलाशयों के प्रबंधन तथा अन्य रोजगार से जुड़े क्षेत्रों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार देने की भी मांग की गई है। अभियान में जंगली व आवारा पशुओं के कारण दुर्घटना में सामान्य घायल व्यक्ति को 25 लाख रुपये, गंभीर घायल को 50 लाख रुपये तथा मृत्यु की स्थिति में एक करोड़ रुपये मुआवजा निर्धारित करने की मांग शामिल की गई है। इसके अतिरिक्त स्थानीय लोगों के लिए स्थानीय भूमि पर आवास निर्माण से जुड़े अधिकारों को सरल बनाने, स्थानीय लोगों के भूमि संबंधी अधिकारों की रक्षा करने तथा क्षेत्र के विकास में स्थानीय जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।
पोस्टर में दिव्यांग, वृद्ध, विकलांग एवं किसान आदि की पेंशन की राशि बढ़ाने और पेंशन प्रक्रिया को सरल बनाने, शहीद संत केसर सिंह स्मृति कोष की राशि बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये करने तथा जरूरतमंद युवाओं एसटी एस सी वर्ग एवं छोटे किसानों के लिए राजा जगदेव स्मृति कोष एवं गोविंद बल्लभ पंत स्मृति को स्थापित किया जाए। अभियान के अन्य प्रमुख मुद्दों में जाति, स्थायी एवं आय प्रमाण पत्र सहित अन्य दस्तावेज बनाने की प्रक्रिया को सरल करना तथा जनजाति/कृषि भूमि से संबंधित अधिकारों को सरल बनाना शामिल है। जगतार सिंह बाजवा ने कहा कि बाजपुर सहकारी चीनी मिल एवं आसवानी फैक्ट्री का आधुनिकीकरण कर उन्हें सुचारु रूप से चलाया जाए और स्थानीय युवाओं को रोजगार दिया जाए। निजी क्षेत्र के कारखानों में 80 प्रतिशत स्थानीय युवक-युवतियों को रोजगार सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही बाजपुर को बाढ़ एवं जलभराव की समस्या से बचाने के लिए स्थायी समाधान करने तथा प्राधिकरण के नाम पर नक्शा पास करने में हो रही जटिलताओं को समाप्त करने की मांग भी उठाई गई है। किसान नेता जगतार सिंह बाजवा ने कहा कि यह अभियान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि बाजपुर की जनता के अधिकारों की सामूहिक आवाज है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचकर इन मुद्दों पर व्यापक जनजागरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि बाजपुर की जनता अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज बुलंद करे। इस मौके पर राजेंद्र सिंह बेदी, दर्शन लाल गोयल, हरदयाल सिंह खैरा,शेर सिंह, दीपक शर्मा, दीनदयाल सिंह, जगदीश सिंह, राजेंद्र सिंह, खेमकरण सैनी, राज किशोर सिंह आदि थे।
Bajpur, Udham Singh Nagar | Sep 6, 2026