देश आज अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के साथ मनाया गया।
पुलिस लाइन्स गौतमबुद्धनगर में पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने ध्वजारोहण किया और उपस्थित पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा तथा सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण में अपना सर्वोच्च योगदान देने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर ने अमर शहीदों के अद्वितीय बलिदान को नमन करते हुए पुलिसकर्मियों से अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने और देश की सुरक्षा, सम्मान एवं अखंडता को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर उत्कृष्ट, सराहनीय और साहसिक कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न सम्मान से सम्मानित किया गया।
उत्कृष्ट सेवा के लिए उपनिरीक्षक राकेश यादव, थाना बीटा-2 को पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश का उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह प्रदान किया गया।
वहीं, निरीक्षक उमेश चन्द नैथानी, प्रभारी मीडिया सेल एवं आईजीआरएस सेल को सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह से सम्मानित किया गया।
शौर्य के आधार पर मुख्य आरक्षी रवि कुमार को स्वर्ण प्रशंसा चिन्ह प्रदान किया गया। इसके साथ ही सेवाभिलेख एवं शौर्य के आधार पर कई अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को रजत प्रशंसा चिन्ह से सम्मानित किया गया।
समारोह का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब कर्तव्य का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले पांच शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित कर पुलिस कमिश्नर द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।
शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को आश्वस्त किया गया कि हर परिस्थिति में पुलिस परिवार उनके साथ सदैव खड़ा रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।
वहीं, पुलिस आयुक्त कार्यालय सेक्टर-108 में अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. राजीव नारायण मिश्र तथा कमिश्नरेट मुख्यालय सूरजपुर में पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह ने ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में कमिश्नरेट के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
इसके साथ ही गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट के सभी थानों एवं कार्यालयों में भी ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ पुलिसकर्मियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया।
मिष्ठान वितरण और सूक्ष्म जलपान के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह का समापन हुआ।
देशभक्ति, कर्तव्य और बलिदान की भावना के साथ गौतमबुद्धनगर पुलिस ने एक बार फिर राष्ट्र सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
जय हिंद!
वंदे मातरम्!
Gautam Buddha Nagar, Gautam Buddh Nagar | Aug 15, 2026