समस्तीपुर में सड़क हादसे के बाद शराब लूटने की मची होड़, कार छोड़ फरार हुआ चालक
समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के बसढ़िया के समीप एक अनियंत्रित कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार सड़क किनारे स्थित गड्ढे में जा गिरी, जबकि कार चालक मौके से फरार हो गया।
इसी दौरान लोगों को जानकारी मिली कि दुर्घटनाग्रस्त कार के अंदर शराब की खेप लदी हुई है। इसके बाद देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। युवक, बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग—कई लोग कार के पास पहुंचकर शराब की बोतलें लेकर भागते नजर आए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर शराब की बोतलें ले जाने की होड़ मच गई। घटना का वीडियो भी सामने आने के बाद इलाके में इसकी चर्चा तेज हो गई है। पुलिस अब दुर्घटनाग्रस्त कार और उसमें लदी शराब की खेप को लेकर जांच में जुटी है।
Bihar, India | Sep 7, 2026