दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, दो दुकानों की मिठाइयां कराईं नष्ट
डेरापुर में बदनाम स्वीट हाउस और गुप्ता स्वीट हाउस पर खाद्य सुरक्षा टीम की कार्रवाई, मिलावट की आशंका पर चलाया विशेष अभियान
कानपुर देहात। दीपावली के त्योहार को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने डेरापुर कस्बे में मिठाई की दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान दो दुकानों की मिठाइयां नष्ट कराई गईं।
जानकारी के अनुसार, टीम ने डेरापुर स्थित बदनाम स्वीट हाउस और गुप्ता स्वीट हाउस पर जांच की। कार्रवाई के दौरान दोनों दुकानों से बूंदी के लड्डू नष्ट कराए गए। अचानक हुई इस कार्रवाई से कस्बे के मिठाई दुकानदारों में खलबली मच गई।
छापेमारी में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा राम अवतार सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेंद्रनाथ यादव और खाद्य सुरक्षा अधिकारी राम बिहारी शामिल रहे। अधिकारियों ने दुकानदारों को मिठाइयों में प्रतिबंधित एवं हानिकारक रंगों का इस्तेमाल न करने की चेतावनी दी। साथ ही खाद्य पदार्थों को साफ-सफाई के साथ तैयार करने और उनकी गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।अधिकारियों के मुताबिक, दीपावली के दौरान मिठाइयों की मांग बढ़ने के साथ मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने की हिदायत देते हुए स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।