मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर बीएलओ व पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण
मोहनपुर प्रखंड सभागार में आयोजित प्रशिक्षण में निर्वाचन प्रक्रिया की दी गई विस्तृत जानकारी
मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण(एसआईआर)-2026 को लेकर सोमवार को मोहनपुर प्रखंड सभागार में बीएलओ एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों का प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी, देवघर तथा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी, मोहनपुर ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान बीएलओ को घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन, नए मतदाताओं का नाम जोड़ने, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। साथ ही निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। कार्यक्रम में डीएलओ पर्यवेक्षक राजेश कुमार झा, विनय कुमार ठाकुर, कृष्ण देव पंडित, कंप्यूटर ऑपरेटर आनंद कुमार रजक सहित मोहनपुर प्रखंड के सभी बीएलओ उपस्थित थे। अधिकारियों ने सभी बीएलओ से पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ पुनरीक्षण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आह्वान किया।