भिवानी में एयर स्ट्राइक व ब्लैक आउट पर मॉक ड्रिल....
डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में गृह रक्षी विभाग द्वारा शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित सरल केंद्र के सामने एयर स्ट्राइक एवं ब्लैकआउट को लेकर मॉक ड्रिल एक्सरसाइज आयोजित की गई। मॉक ड्रिल के दौरान एयर स्ट्राइक की स्थिति में इमारत के क्षतिग्रस्त होने तथा उसमें फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने, प्राथमिक उपचार देने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया गया। इस दौरान करीब 26 व्यक्तियों को सुरक्षित निकालकर प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल रेफर करने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।इस दौरान गृह रक्षी विभाग के सेक्टर कमांडर उमेश सांगवान ने बताया कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य एयर स्ट्राइक जैसी आपात स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने की तैयारियों को परखना था।