गीले कचरे से खाद बनाने और प्लास्टिक छोड़ने का दिया संदेश
लेबर कालोनी के राजकीय माध्यमिक विद्यालय में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर निगम ने किया जागरूकता कार्यक्रम
यमुनानगर। नगर निगम की स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) की टीम की ओर से लेबर कालोनी स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर आयोजित इन कार्यक्रमों में स्वच्छ भारत मिशन एक्सपर्ट आकाश कुमार व गगन बेनीवाल ने विद्यार्थियों को होम कम्पोस्टिंग का प्रशिक्षण और सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता की आदतें अपनाने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा।
होम कम्पोस्टिंग प्रशिक्षण सत्र में विद्यार्थियों को गीले कचरे से घर पर ही जैविक खाद तैयार करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। उन्हे बताया गया कि रसोई से निकलने वाले जैविक कचरे का उचित प्रबंधन करके उसे उपयोगी खाद में बदला जा सकता है। इससे कचरे की मात्रा कम करने के साथ पर्यावरण को स्वच्छ रखने में भी मदद मिलती है। विद्यार्थियों को घरों में कम्पोस्टिंग अपनाने और इसके बारे में अपने परिवार के सदस्यों को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं, सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ चलाए गए जागरूकता अभियान के दौरान विद्यार्थियों को प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान के बारे में बताया गया। उन्हें खरीदारी सहित दैनिक जरूरतों के लिए प्लास्टिक की थैलियों के बजाय कपड़े और जूट से बने थैलों का उपयोग करने की सलाह दी गई। साथ ही स्वच्छता बनाए रखने और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का संदेश दिया गया। एक्सपर्ट आकाश कुमार व गगन बेनीवाल ने विद्यार्थियों को इन गतिविधियों से मिली सीख को अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया, ताकि स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त वातावरण बनाने में सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
फोटो कैप्शन - विद्यार्थियों को खाद बनाने का प्रशिक्षण देते एक्सपर्ट आकाश कुमार व अन्य।