प्रेस विज्ञप्ति
गया जी। 18 सितंबर 2026
पितृपक्ष मेला में तीर्थयात्रियों के लिए गांधी मैदान में 2500 क्षमता वाले टेंट सिटी का निर्माण
टेंट सिटी में तीर्थयात्रियों को निःशुल्क आवासन सहित उपलब्ध होंगी सभी मूलभूत सुविधाएं
जिला पदाधिकारी एवं एसएसपी ने टेंट सिटी के निर्माण कार्य का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश
गया जी, 18 सितंबर 2026, पितृपक्ष मेला 2026 के अवसर पर विभिन्न राज्यों से गया आने वाले तीर्थयात्रियों की आवासन सुविधा को ध्यान में रखते हुए बिहार सरकार एवं पर्यटन विभाग द्वारा गया के गांधी मैदान में 2500 तीर्थयात्रियों की क्षमता वाले टेंट सिटी का निर्माण कराया जा रहा है। टेंट सिटी में तीर्थयात्रियों को निःशुल्क आवासन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
आज दिनांक 18 सितंबर 2026 को जिला पदाधिकारी गया श्री शशांक शुभंकर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री सुशील कुमार ने गांधी मैदान पहुंचकर निर्माणाधीन टेंट सिटी का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने टेंट सिटी के ले-आउट, नक्शा, डायग्राम एवं डी-मार्किंग का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि टेंट सिटी का निर्माण इस प्रकार किया जाए कि यह पूरी तरह हवादार एवं सुरक्षित रहे। उन्होंने टेंट के नीचे कम-से-कम 4 इंच ऊंचाई का वुडेन फ्रेम तैयार कराने का निर्देश दिया, ताकि बारिश अथवा जमीन पर पानी रहने की स्थिति में भी टेंट में ठहरने वाले तीर्थयात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
टेंट सिटी में उपलब्ध रहेंगी व्यापक सुविधाएं
टेंट सिटी में तीर्थयात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। यहां 24 घंटे पावर बैकअप, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल के लिए आरओ वाटर, पर्याप्त संख्या में डस्टबिन एवं नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
यात्रियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न स्थानों पर साइनेज लगाए जाएंगे। टेंट सिटी परिसर में सीसीटीवी कैमरे, वीआईपी लाउंज, टॉयलेट, रिसेप्शन एरिया, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, सेल्फी प्वाइंट एवं एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था की जा रही है। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियों का प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।
तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के लिए 8-8 घंटे की पालियों में सिक्योरिटी गार्ड की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। इसके साथ ही ड्रोन के माध्यम से भी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जाएगी।
सामान की सुरक्षा के लिए बनेगा सेफ्टी काउंटर एवं लॉकर
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने तीर्थयात्रियों के सामान की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में तीर्थयात्री तर्पण एवं पिंडदान के लिए जाते समय अपना सामान टेंट सिटी में ही छोड़ सकते हैं। ऐसी स्थिति में सामान की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने टेंट सिटी में सेफ्टी काउंटर एवं लॉकर की व्यवस्था करने तथा टोकन सिस्टम के माध्यम से यात्रियों के सामान को सुरक्षित रखने का निर्देश दिया, ताकि तीर्थयात्री निश्चिंत होकर अपने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कर सकें।
‘मे आई हेल्प यू’ काउंटर एवं यात्री रजिस्टर की होगी व्यवस्था
जिला पदाधिकारी ने टेंट सिटी के समीप ‘मे आई हेल्प यू’ (May I Help You) काउंटर स्थापित करने का निर्देश दिया। इस काउंटर के माध्यम से बाहर से आने वाले तीर्थयात्रियों को आवश्यक जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने टेंट सिटी में ठहरने वाले यात्रियों का रजिस्टर में संधारण करने का भी निर्देश दिया, जिसमें यात्रियों की आवश्यक जानकारी एवं उनके ठहरने की अवधि दर्ज की जाए। इससे यह जानकारी उपलब्ध रहेगी कि कौन-कौन से तीर्थयात्री टेंट सिटी में कितने दिनों तक ठहरे हैं।
विद्युत सुरक्षा पर विशेष ध्यान
जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, विद्युत विभाग को गांधी मैदान में पोल पर लगे विद्युत तारों को गार्ड वायर से बंच कराने का निर्देश दिया, ताकि मेला अवधि के दौरान विद्युत संबंधी किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को रोका जा सके।
उन्होंने विद्युत विभाग को गांधी मैदान के अंदर लगे सभी पोल लाइट एवं हाई मास्ट लाइट को दुरुस्त कराने का भी निर्देश दिया, ताकि पूरे परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनी रहे।
साफ-सफाई, फॉगिंग एवं पहुंच पथ दुरुस्त करने का निर्देश
जिला पदाधिकारी ने नगर निगम के पदाधिकारियों को गांधी मैदान परिसर में मौजूद झाड़ियों की साफ-सफाई कराने तथा टेंट सिटी तक आने वाले पहुंच पथ को दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। मच्छरों से बचाव एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए गांधी मैदान परिसर में नियमित फॉगिंग कराने का भी निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि पितृपक्ष मेला में देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गया पहुंचते हैं। ऐसे में टेंट सिटी में रहने वाले प्रत्येक तीर्थयात्री को सुरक्षित, स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक आवासन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने का निर्देश दिया।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar GAYA Police CMO Bihar Art, Culture and Youth Department, Government of Bihar Department of Tourism, Government of Bihar DD News Bihar
#spiritualawakening #gayaji #tourism #travel
13 views | Gaya, Bihar | Sep 18, 2026