40 प्रतिशत से कम उपस्थिति वाले स्कूलों पर होगी विशेष नजर
डीएम ने शिक्षा विभाग की समीक्षा कर दिए सुधार के निर्देश
जहानाबाद : जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने शुक्रवार को शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में सरकारी विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को कई निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में विद्यालयवार विद्यार्थियों की दैनिक उपस्थिति के आंकड़ों की समीक्षा की गई। जिन विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति 40 प्रतिशत से कम मिली, वहां कम उपस्थिति के वास्तविक कारणों की पहचान कर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिया गया। डीएम ने कहा कि अधिक से अधिक बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय से जोड़ने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
उन्होंने शिक्षकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा विद्यालयों में नियमित रूप से गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन कराने का निर्देश दिया। शैक्षणिक व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने को कहा गया।
एमडीएम में पारदर्शिता पर जोर
मध्याह्न भोजन योजना की समीक्षा के दौरान डीएम ने भोजन की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि एमडीएम में दर्ज लाभान्वित विद्यार्थियों की संख्या और विद्यालय में वास्तविक उपस्थिति में अंतर नहीं होना चाहिए। जितने बच्चे विद्यालय में उपस्थित हों, उसी के अनुसार भोजन तैयार और वितरित किया जाए।
डीएम ने विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए कमियों को समयबद्ध तरीके से दूर करने का निर्देश दिया। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार, सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी और शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
Jehanabad, Jehanabad | Sep 19, 2026