अररिया, 23 जून 2026
जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में NCord की जिला स्तरीय बैठक, नशीले पदार्थों की रोकथाम को लेकर दिए गए महत्वपूर्ण निर्देश
जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में नारको कोऑर्डिनेशन सेंटर (NCord) की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण, जागरूकता अभियान तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने औषधि निरीक्षक अररिया एवं फारबिसगंज को जिले के मेडिकल स्टोरों और औषधि प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया, ताकि प्रतिबंधित एवं संदिग्ध दवाओं की बिक्री पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
अधीक्षक मद्य निषेध द्वारा जानकारी दी गई कि एसएसबी के चिन्हित चेक पोस्टों, विशेषकर सिकटी बाजार एसएसबी चेकपोस्ट तथा कुआंडी-असराहा टोला एसएसबी चेक पोस्ट पर सीसीटीवी की व्यवस्था की गई है, जिससे अवैध गतिविधियों की निगरानी और अधिक प्रभावी ढंग से की जा सके।
जिला पदाधिकारी ने एसएसबी बथनाहा एवं अररिया को अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध सघन अभियान चलाते हुए गिरफ्तारी एवं जब्ती की कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया। साथ ही जिला आईबी पदाधिकारी को सीमावर्ती क्षेत्रों में नशीले पदार्थों से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना प्राप्त होने पर उसे तत्काल संबंधित जांच एजेंसियों—एसएसबी, पुलिस एवं मद्य निषेध विभाग—के साथ साझा करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में पंचायत स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाने पर भी बल दिया गया।इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग, मद्य निषेध विभाग, आईबी तथा एसएसबी सहित सभी संबंधित एजेंसियों को नशा विरोधी अभियान में सक्रिय सहयोग करने तथा जागरूकता कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर संचालित करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने पुलिस विभाग को ड्रग्स एवं अन्य नशीले पदार्थों से जुड़े मामलों में गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध समयबद्ध अनुसंधान कर न्यायालय में शीघ्र आरोप पत्र समर्पित करने का भी निर्देश दिया।
बैठक में नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय, सतत निगरानी एवं प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
बैठक में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी अररिया एवं फारबिसगंज, एसएसबी 52वीं एवं 56वीं वाहिनी के प्रतिनिधि, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, वन प्रमंडल पदाधिकारी, जिला आईबी पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, औषधि निरीक्षक, विशेष शाखा पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक तथा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
जिला प्रशासन अररिया
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
12 views | Araria, Bihar | Jun 23, 2026