नगर निकायों में स्वच्छता व्यवस्था एवं शासन की योजनाओं को शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के निर्देश
अपर जिलाधिकारी/प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय प्रवेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जनपद के समस्त नगर निकायों द्वारा कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा बैठक अपर जिलाधिकारी कार्यालय में संपन्न हुई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को घर-घर कचरा संग्रहण, गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्करण, शौचालयों की साफ-सफाई तथा सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कूड़ा निस्तारण एवं साफ-सफाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिशासी अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
उन्होंने नगरीय निकायों में कर एवं करेत्तर देयों की शत-प्रतिशत वसूली तथा 15वें वित्त आयोग एवं अवस्थापना निधि से स्वीकृत कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक में वंदन योजना, मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना, मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना, पंडित दीनदयाल नगर विकास योजना, आकांक्षी योजना सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
इसके साथ ही निराश्रित गोवंश के लिए गौशालाओं में भूसा-चारा आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 एवं पीएम स्वनिधि योजना में अपेक्षित प्रगति लाने तथा सभी नगर निकायों में पॉलीथिन जब्ती एवं जागरूकता अभियान प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जनपद के समस्त नगर निकायों के अधिशासी अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Maunath Bhanjan, Mau | Sep 9, 2026