विधान परिषद सदस्य खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 का जनपद में शांतिपूर्ण एवं सकुशल मतदान संपन्न, कुल 74.06 प्रतिशत हुआ मतदान
जिलाधिकारी श्री आनंद वर्द्धन एवं पुलिस अधीक्षक श्री सर्वेश कुमार मिश्रा ने लगातार बूथों का भ्रमण कर लिया व्यवस्थाओं का जायजा, निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान संपन्न कराने के दिए निर्देश
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य के निर्वाचन हेतु जनपद मऊ में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल ढंग से संपन्न हुई। मतदान के दौरान जिलाधिकारी श्री आनंद वर्द्धन एवं पुलिस अधीक्षक श्री सर्वेश कुमार मिश्रा ने लगातार विभिन्न मतदेय स्थलों का भ्रमण कर मतदान प्रक्रिया एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं शुचितापूर्ण ढंग से मतदान संपन्न कराने के निर्देश दिए।
जनपद में इस निर्वाचन के लिए कुल 10 मतदेय स्थल बनाए गए थे, जो विभिन्न विकास खंडों के क्षेत्र पंचायत कार्यालयों तथा नगर पालिका परिषद कार्यालय में स्थित थे। निर्वाचन में जनपद के कुल 5,131 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए पंजीकृत थे। इनमें सर्वाधिक 899 मतदाता नगर पालिका परिषद मऊ स्थित बूथ पर तथा सबसे कम 271 मतदाता क्षेत्र पंचायत कार्यालय दोहरीघाट स्थित बूथ पर थे।
जनपद में मतदान का कुल प्रतिशत 74.06 प्रतिशत रहा। मतदेय स्थलों पर हुए मतदान में सर्वाधिक 85.14 प्रतिशत मतदान बूथ संख्या-111, कार्यालय क्षेत्र पंचायत बड़राव पर दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम 64.46 प्रतिशत मतदान बूथ संख्या-118, कार्यालय क्षेत्र पंचायत परदहां पर हुआ।
निर्वाचन को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा पूर्व से ही सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की गई थीं। जिलाधिकारी श्री आनंद वर्द्धन के नेतृत्व एवं निर्देशन में निर्वाचन कार्य में लगाए गए अधिकारियों, मतदान कार्मिकों तथा पुलिस बल को आवश्यक ब्रीफिंग देकर उनके दायित्वों एवं निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया था।
मतदान दिवस पर मतदान प्रारंभ होने के साथ ही जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक लगातार जनपद के विभिन्न मतदेय स्थलों का भ्रमण करते रहे। अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित कार्मिकों को मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित करने तथा निर्वाचन की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं शुचिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन की सतर्कता, प्रभावी निगरानी एवं निर्वाचन कार्य में तैनात अधिकारियों तथा कार्मिकों के समन्वित प्रयासों के फलस्वरूप जनपद में विधान परिषद सदस्य खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 की मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सकुशल ढंग से संपन्न हुई।