कासगंज में निर्माणाधीन हाईवे पर विमान हादसा, अलीगढ़ से उड़ान भरने वाला ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश
महिला पायलट घायल, अस्पताल में भर्ती; हाईवे पर मची अफरा-तफरी, पुलिस व प्रशासन मौके पर पहुंचा
कासगंज। जनपद कासगंज में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अलीगढ़ हवाई पट्टी से उड़ान भरने वाला एक हल्का ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट निर्माणाधीन हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान की महिला पायलट घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विमान अचानक असंतुलित होकर निर्माणाधीन हाईवे के किनारे आ गिरा। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह विमान अलीगढ़ हवाई पट्टी से प्रशिक्षण उड़ान पर रवाना हुआ था। दुर्घटना के कारणों का फिलहाल आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। माना जा रहा है कि तकनीकी खराबी या किसी अन्य आपात स्थिति के चलते पायलट को आपातकालीन लैंडिंग का प्रयास करना पड़ा, लेकिन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं विमानन विभाग की टीम भी हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। गनीमत रही कि हादसे के समय निर्माणाधीन हाईवे पर कोई बड़ा वाहन विमान की चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।