मलेरिया निरोधक माह में “मलेरिया रथ” का शुभारम्भ, हाई रिस्क ग्रामों में चलेगा जागरूकता अभियान
जिले में मलेरिया एवं अन्य मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए मलेरिया निरोधक माह के अंतर्गत शुक्रवार को जिला चिकित्सालय परिसर से “मलेरिया रथ” का शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री देवसिंह सैयाम, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.जे. मोहंती, आरएमओ डॉ. वाय.के. झारिया, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. विजय धुर्वे तथा जिला मलेरिया अधिकारी श्री रामशंकर साहू ने हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मलेरिया का संक्रमण काल मानसून की शुरुआत के साथ जून-जुलाई से प्रारंभ होकर अक्टूबर-नवंबर तक अधिक प्रभावी रहता है। इसे देखते हुए जिले के मलेरिया प्रभावित एवं हाई रिस्क ग्रामों में व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। मलेरिया रथ शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए प्राथमिकता वाले ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर माइकिंग, पंपलेट वितरण, फ्लेक्स एवं बैनरों के माध्यम से लोगों को मलेरिया और अन्य वाहक जनित रोगों से बचाव की जानकारी देगा।
अभियान के दौरान नागरिकों को मच्छरदानी के नियमित उपयोग, कूलर, गमलों, मटकों, टायरों और पानी की टंकियों में जमा पानी को समय-समय पर खाली करने तथा सप्ताह में कम से कम एक बार पानी बदलने की सलाह दी जा रही है। साथ ही लार्वा विनिष्टीकरण एवं स्वच्छता संबंधी उपायों की भी जानकारी दी जा रही है।
मलेरिया रथ में मौजूद स्वास्थ्यकर्मी बुखार से पीड़ित व्यक्तियों की त्वरित जांच एवं उपचार सुविधा भी उपलब्ध करा रहे हैं। मलेरिया निरोधक माह के दौरान पंचायत स्तरीय कार्यशालाएं, रोगियों की खोज, जांच एवं उपचार, स्वास्थ्यकर्मियों का प्रशिक्षण, लार्वा सर्वेक्षण तथा व्यापक प्रचार-प्रसार जैसी गतिविधियाँ भी संचालित की जा रही हैं।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
16 views | Mandla, Madhya Pradesh | Jun 12, 2026