घरेलू गैस सिलेंडर से लगी भीषण आग ने जियावन बाजार की कई दुकानों को लिया चपेट में, लाखों का नुकसान
सिंगरौली जिले के देवसर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जियावन बाजार में 4जून को लगभग साढ़े 9 बजे देवसर के जियावन बाजार में अचानक लगी भीषण आग से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब पांच दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के चलते व्यापारियों को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण घरेलू गैस सिलेंडर में विस्फोट बताया जा रहा है। सिलेंडर ब्लास्ट होने के बाद आग की लपटें तेजी से फैलीं और आसपास की दुकानों तक पहुंच गईं, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
घटना के दौरान स्थानीय व्यापारियों एवं मौके से गुजर रहे राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास किया। लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
घटना के समय देवसर क्षेत्र में फायर ब्रिगेड की अनुपलब्धता को लेकर व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों में नाराजगी देखने को मिली। बताया गया कि रिलायंस और हिंडालको से फायर ब्रिगेड वाहन मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक आग कई दुकानों को अपनी चपेट में ले चुकी थी।
सूचना मिलते ही तहसीलदार, पुलिस प्रशासन एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। आग लगने के कारणों एवं नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
घटना के चलते कुछ समय के लिए सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात भी प्रभावित रहा।
स्थानीय लोगों ने एक बार फिर देवसर क्षेत्र में स्थायी फायर ब्रिगेड व्यवस्था की मांग उठाते हुए कहा कि पूर्व में भी इस संबंध में मांग की जा चुकी है। लोगों का कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव और त्वरित राहत के लिए देवसर में फायर ब्रिगेड की स्थायी व्यवस्था की जानी चाहिए।
Singrauli, Singrauli | Jun 4, 2026