#हनुमानगढ़ जिला स्थापना दिवस पर हुआ खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन
संगरिया की आवाज़।
#संगरिया में हनुमानगढ़ जिला स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बोलांवाली में आयोजित की गई। पंचायत स्तर पर चयनित विजेता टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आयोजन में बड़ी संख्या में विद्यार्थी तथा शैक्षणिक संस्थाओं के प्रतिनिधि व ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस मौके पर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सीमा भल्ला ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हनुमानगढ़ जिले की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली इतिहास, सभ्यता और पुरातात्त्विक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिये आवश्यक हैं बल्कि ये मानसिक और भावनात्मक मजबूती भी प्रदान करते हैं। सीबीईओ ने युवा पीढ़ी को खेलों से जुड़ने और नियमित अभ्यास करने का संदेश दिया, ताकि समाज में नासूर बन चुकी नशावृत्ति से दूर रहकर शारीरिक रूप से स्वस्थ और अनुशासित बनें तथा सामाजिक जीवन में सकारात्मक योगदान दे सकें।
विद्यालय की प्रधानाचार्य रेणु तनेजा ने प्रतियोगिता के आयोजन और प्रतिभागियों के उत्साह की प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में वॉलीबॉल, कबड्डी और खो-खो जैसे पारंपरिक व लोकप्रिय खेलों का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के
खो-खो (महिला वर्ग): लक्ष्मी बाई क्लब विजेता, कबड्डी (पुरुष वर्ग): बाल विकास क्लब विजेता, वॉलीबॉल (पुरुष वर्ग): भगत सिंह क्लब विजेता रहे। प्रतियोगिता में वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक रामप्रताप गोदारा, राजाराम मंडा, मोहन लाल, नीरज बाला ने रैफरी की भूमिका निभाई।
विजेताओं को पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समन्वय ब्लॉक शिक्षा कार्यालय व राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बोलांवाली द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
संगरिया की आवाज़