सेवा संकल्प अभियान के तहत गढ़ी जाटान में आयोजित हुआ आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम
Ram Kumar Kashyap - MLA Indri ने बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत, कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चों को जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी
इन्द्री, 5 अक्तूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को गांव गढ़ी जाटान में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने सुंदर नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों ने अपने अनुभव भी साझा किए।
इस अवसर पर विधायक रामकुमार कश्यप ने कहा कि जनसेवा केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक परिवार के सुख-दुख से जुडऩा, उनकी आवश्यकताओं को समझना है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ पात्र परिवारों को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार महिला सशक्तिकरण, मातृ स्वास्थ्य, बाल पोषण और बेटियों के उज्ज्वल भविष्य को प्राथमिकता देते हुए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल के मार्गदर्शन में भी हरियाणा में विकास एवं जनकल्याण के कार्यों को निरंतर गति मिल रही है। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, महिला सशक्तिकरण तथा आंगनवाड़ी व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण 2.0 के माध्यम से बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं के पोषण तथा प्रारंभिक बाल विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री मातृत्व सहायता योजना, आपकी बेटी हमारी बेटी तथा सुकन्या समृद्धि योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपस्थित महिलाओं एवं ग्रामीणों को दी गई। अधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य गर्भवती एवं माताओं को सहायता प्रदान करना, बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य को बेहतर बनाना तथा बेटियों के सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए परिवारों को प्रोत्साहित करना है। पात्र परिवारों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा गर्भावस्था के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों के उचित पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक देखभाल के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया।
इस अवसर पर सीडीपीओ मीना रत्न, गांव के सरपंच रविन्द्र कुमार, पूर्व सरपंच पंकज, रमन सैनी, नवनीत, धनपत, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रिंकू रानी, मीना, सीमा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
#HVN24