वैनी, गंगापुर मे सड़क हादसे में मृतक रुद्राक्ष के परिजनों से मिले रौशन कुमार, उचित मुआवजा व सड़क सुरक्षा की मांग
पूसा प्रखंड की दक्षिणी हरपुर पंचायत निवासी राजेश महतो जी के 10 वर्षीय पुत्र रुद्राक्ष कुमार की पूसा-ताजपुर मुख्य मार्ग पर बीते दिन सड़क दुर्घटना में हुई असामयिक मौत पर पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी सह भाकपा-माले जिला कमिटी सदस्य रौशन कुमार ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और गहरी संवेदना व्यक्त की।
रौशन कुमार ने परिजनों से घटना की जानकारी ली तथा इस कठिन घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।उन्होंने कहा कि मासूम रुद्राक्ष की सड़क हादसे में हुई मौत बेहद दुखद और हृदयविदारक है। परिवार पर आई इस अपार पीड़ा को शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। उन्होंने प्रखंड प्रशासन से मांग की कि मृतक के परिवार को अविलंब उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, हादसे में गंभीर रूप से घायल रुद्राक्ष के चाचा राकेश कुमार के बेहतर और नि:शुल्क इलाज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। आगे कहा कि पूसा-ताजपुर मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार एवं भारी वाहनों के परिचालन से लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। गंगापुर अस्पताल चौक जैसे संवेदनशील स्थान पर यातायात नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने प्रशासन से पूसा-ताजपुर मार्ग पर भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने, संवेदनशील स्थानों पर ट्रैफिक व्यवस्था मजबूत करने, आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर एवं चेतावनी संकेतक लगाने तथा सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने की मांग की। इस दौरान मृतक के परिजन एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
Samastipur, Samastipur | Aug 21, 2026