नागौर के मारवाड़ मूंडवा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात UCO बैंक के ATM में लूट की कोशिश का मामला सामने आया। गैस कटर और अन्य औजार लेकर पहुंचे दो बदमाशों को ब्रांच मैनेजर ने ATM का शटर बाहर से लॉक कर अंदर ही बंद कर दिया। ATM में 16 लाख 900 रुपए कैश रखा था।
पुलिस के अनुसार मूंडवा निवासी भरत प्रजापत और बिहार निवासी कोमल कुमार राजपूत को गिरफ्तार किया गया है। भरत मूंडवा में ढाबा चलाता है, जबकि कोमल उसके यहां काम करता है। दोनों एक अन्य व्यक्ति की मोटरसाइकिल से ATM पहुंचे थे। बाइक मालिक को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
ब्रांच मैनेजर सारिका चौधरी के अनुसार रात 2 बजकर 4 मिनट पर अजमेर रीजनल सुरक्षा अधिकारी गौतम नागर को ई-सर्विलांस से ATM में संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली। उन्होंने सारिका को जानकारी दी। वह पति के साथ ATM पहुंचीं और अंदर हलचल देखकर बाहर से शटर लॉक कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस करीब 8 मिनट में मौके पर पहुंच गई।
आरोपियों ने ATM का अपर कवर तोड़ दिया था, CCTV कैमरों पर ग्रीस लगाई और कनेक्टिविटी वायर काट दिए थे, लेकिन कैश डोर नहीं काट पाए।
#Breking #News #india #trending #viral
Rajasthan, India | Sep 29, 2026