राहुल गांधी ने स्वर्गीय चंद्रमणि कुलेठी के निधन पर जताया शोक, परिजनों को भेजा संवेदना पत्र
**चम्बा।**
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हिमाचल प्रदेश यूथ कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष स्वर्गीय चंद्रमणि कुलेठी के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए उनके पिता धर्म चन्द कुलेठी को संवेदना पत्र भेजा है।
इसी कड़ी में जिला कांग्रेस कमेटी चम्बा के अध्यक्ष एडवोकेट सुरजीत शर्मा भरमौरी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ स्वर्गीय चंद्रमणि कुलेठी के निवास स्थान पहुंचे। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी की ओर से भेजा गया शोक संवेदना पत्र उनके पिता धर्म चन्द कुलेठी, माता आशा देवी एवं धर्मपत्नी कोमल को सौंपा तथा परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
अपने संवेदना पत्र में राहुल गांधी ने लिखा कि चंद्रमणि कुलेठी के असामयिक निधन का समाचार सुनकर उनका हृदय अत्यंत व्यथित है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश यूथ कांग्रेस के उपाध्यक्ष के रूप में चंद्रमणि कुलेठी ने अपनी निष्ठा, समर्पण और जनसेवा की भावना से युवा कार्यकर्ताओं के बीच विशेष पहचान बनाई थी। जीवन के अंतिम समय तक पार्टी के कार्यों के प्रति उनकी सक्रियता और प्रतिबद्धता हमेशा याद रखी जाएगी।
राहुल गांधी ने अपने पत्र में कहा कि चंद्रमणि कुलेठी का निधन न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे कांग्रेस संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है। संगठन के प्रति उनका योगदान और समर्पण हमेशा स्मरणीय रहेगा।
इस अवसर पर एडवोकेट सुरजीत शर्मा भरमौरी ने कहा कि चंद्रमणि कुलेठी का असमय निधन कांग्रेस परिवार के लिए बेहद दुखद क्षति है। उन्होंने अपनी मेहनत, निष्ठा और संगठन के प्रति समर्पण से जो पहचान बनाई, वह हमेशा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के दिलों में जीवित रहेगी।
उन्होंने शोक संतप्त परिवार को विश्वास दिलाया कि इस कठिन समय में पूरा कांग्रेस परिवार उनके साथ खड़ा है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
#RahulGandhi #ChandraManiKulethi #HimachalCongress #CongressParty #ChambaNews
Saach, Chamba | Nov 7, 2026