खेल युवाओं में अनुशासन, एकता और नेतृत्व की भावना विकसित करता है : सांसद जोबा माझी
-बिरसा जयंती पर आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल में नाइंटी एमएल अली बाबा चाईबासा बना चैंपियन, झमेला नगर डीपीएस को 2-0 से दी शिकस्त
जगन्नाथपुर: भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर बिरसा ब्वायज क्लब कलाईया, जगन्नाथपुर के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल सह समापन मंगलवार को संपन्न हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन एवं प्रखंड प्रमुख बुधराम पुरती उपस्थित रहे। सांसद समेत अन्य अतिथियों ने फाइनल मुकाबले में पहुंची दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद फुटबॉल को किक मारकर फाइनल मैच का शुभारंभ किया। फाइनल मुकाबला झमेला नगर डीपीएस और नाइंटी एमएल अली बाबा चाईबासा के बीच खेला गया। इसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए नाइंटी एमएल अली बाबा चाईबासा की टीम ने 2-0 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को एक लाख एक हजार एक सौ ग्यारह रुपये तथा उपविजेता टीम को 70 हजार रुपये की पुरस्कार राशि के साथ चमचमाती ट्रॉफी प्रदान की गई। समय में विलंब होने के कारण फाइनल मुकाबला फ्लडलाइट की रोशनी में खेला गया। इसके बावजूद दर्शकों का उत्साह देखते ही बना। प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर सांसद जोबा माझी ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, एकता, संघर्ष और नेतृत्व की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। खेल के मैदान में हार और जीत से अधिक महत्वपूर्ण खिलाड़ियों का समर्पण, मेहनत और खेल भावना होती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की प्रतियोगिताओं के आयोजन से स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। युवाओं को पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Sonua, Pashchimi Singhbhum | Nov 17, 2026