पलवल पुलिस ने स्नीफर डॉग 'डेनी' के साथ उटावड थाना क्षेत्र में चलाया सघन चेकिंग अभियान; वाहनों और संदिग्ध स्थलों की ली गई तलाशी।
Aonenews अरविन्द बक्शी
जिले को नशामुक्त बनाने और आमजन में सुरक्षा का माहौल कायम रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेंगे। अवैध नशा तस्करी में संलिप्त के खिलाफ पुलिस सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी-दीप्ति गर्ग, एसपी पलवल।
पलवल: पुलिस अधीक्षक पलवल डॉ. दीप्ति गर्ग, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशों के तहत जिले में आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में उटावड थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस टीम द्वारा स्नीफर डॉग "डेनी" को साथ लेकर नशीले पदार्थों की रोकथाम व संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग का विशेष अभियान आयोजित किया गया।
उटावड थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान पुलिस टीम ने स्नीफर डॉग 'डेनी' के सहयोग से क्षेत्र के व्यस्त बाजारों, दुकानों, मेडिकल स्टोर के आसपास के क्षेत्रों तथा प्रमुख मार्गों पर गहनता से निरीक्षण किया। चेकिंग के दौरान सड़कों से गुजरने वाले चार पहिया व दो पहिया संदिग्ध वाहनों की बारीकी से तलाशी ली गई। स्नीफर डॉग 'डेनी' के जरिए गाड़ियों की डिग्गी, सीटों और अंदरूनी हिस्सों को चेक किया गया ताकि किसी भी प्रकार के अवैध नशीले पदार्थों या संदिग्ध वस्तुओं की तस्करी को रोका जा सके।
पुलिस अधीक्षक पलवल डॉ. दीप्ति गर्ग, आईपीएस ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले को नशामुक्त बनाने और आमजन में सुरक्षा का माहौल कायम रखने के लिए ऐसे आकस्मिक चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध नशा तस्करी व किसी भी प्रकार के अपराध में संलिप्त पाए जाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।
पलवल पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि वे अपने आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या नशीले पदार्थों की बिक्री देखते हैं, तो इसकी तुरंत सूचना स्थानीय पुलिस या मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी।