"सेवा संकल्प अभियान" के तहत पलवल पुलिस की नशा मुक्ति टीम ने गांव मीसा में ग्रामीणों को नशे के खिलाफ किया जागरूक।
Aonenews अरविन्द बक्शी
"सेवा संकल्प अभियान" का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक कर जिले को नशामुक्त और सुरक्षित बनाना है-दीप्ति गर्ग, एसपी पलवल।
पलवल: हरियाणा सरकार और हरियाणा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में नशा मुक्ति और सामाजिक जागरूकता गतिविधियों को गति दी जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन में पलवल पुलिस की नशा मुक्ति टीम ने गांव मीसा में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीणों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें इससे दूर रहने का संदेश दिया।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति टीम के पुलिस अधिकारियों ने नशा मुक्त भारत पखवाड़ा के अंतर्गत नशा छोड़ो, जिंदगी से नाता जोड़ो का संदेश देते हुए ग्रामीणों को समझाया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नष्ट करता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को मानसिक व आर्थिक रूप से खोखला कर देता है। टीम ने युवाओं को किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहकर खेलकूद, पढ़ाई और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों में अपनी ऊर्जा लगाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों को मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 तथा पुलिस हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। ग्रामीणों से अपील की गई कि यदि उनके क्षेत्र में कोई व्यक्ति नशे का कारोबार करता है या अवैध गतिविधियों में लिप्त है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग, आईपीएस ने अपने संदेश में कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक कर जिले को नशामुक्त और सुरक्षित बनाना है। पुलिस और जनता के आपसी सहयोग से ही नशे की इस सामाजिक बुराई को जड़ से खत्म किया जा सकता है। इस अवसर पर गांव के गणमान्य व्यक्ति, युवा और पलवल पुलिस की टीम उपस्थित रही।