इलिट इंटरनेशनल स्कूल जोगिन्दर नगर में चूल्हा रहित व्यंजन प्रतियोगिता आयोजित, टैगोर हाउस रहा प्रथम
जोगिन्दर नगर, उमेश कुमार।
इलिट इंटरनेशनल स्कूल, जोगिन्दर नगर (बिजमंडी) में शनिवार को विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा एवं पाक-कला को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चूल्हा रहित व्यंजन (फायरलेस कुकिंग) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों हाउसों की लगभग 20 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और बिना चूल्हे का उपयोग किए आकर्षक, स्वादिष्ट एवं पौष्टिक व्यंजन तैयार किए।
कार्यक्रम का औपचारिक निरीक्षण विद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. भाग चन्द ठाकुर तथा विद्यालय समिति के सचिव डॉ. नारायण सिंह ने किया। उन्होंने सभी टीमों द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों का अवलोकन करते हुए विद्यार्थियों की रचनात्मकता, प्रस्तुतीकरण एवं स्वच्छता की सराहना की।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टैगोर हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विवेकानंद हाउस द्वितीय, दयानंद हाउस तृतीय तथा आर्यभट्ट हाउस चौथे स्थान पर रहा। विजेता टीमों को विद्यालय प्रबंधन की ओर से बधाई दी गई तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रत्येक छात्र-छात्रा को ऐसी सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता एवं जीवनोपयोगी कौशल का विकास करती हैं। साथ ही अन्य विद्यार्थियों को भी ऐसी गतिविधियों में भाग लेने की प्रेरणा मिलती है।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार की ज्ञानवर्धक एवं रचनात्मक गतिविधियों का नियमित आयोजन किया जाता रहेगा।
Jogindarnagar, Mandi | Jun 27, 2026