ऐप पर दोस्ती, होटल में बंधक बनाकर लूट: निर्वस्त्र वीडियो से ब्लैकमेल कर ऐंठे ₹1.38 लाख, 2 आरोपी गिरफ्तार...
ग्वालियर में डेटिंग ऐप के जरिए युवक को होटल में बुलाकर बंधक बनाने, मारपीट करने और अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। माधौगंज निवासी 28 वर्षीय नितिन की शिकायत के मुताबिक, 8 अक्टूबर को ग्रिंडर ऐप पर ‘हरियाणा’ नाम की आईडी से उसकी बातचीत हुई थी। इसके बाद उसे सिटी सेंटर के होटल गोल्डन लीफ में बुलाया गया, जहां कथित तौर पर चार अन्य साथियों के साथ मिलकर आरोपियों ने उसे बंधक बनाया, पीटा और खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर जेल भेजने की धमकी दी। आरोप है कि युवक का निर्वस्त्र वीडियो बनाकर उससे नकदी, ATM और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिए करीब ₹1.38 लाख वसूले गए, जबकि वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 70 हजार रुपये और मांगे गए। पुलिस ने मुरैना निवासी हरिभान उर्फ करुआ गुर्जर और सोनू गुर्जर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों हाल ही में जमानत पर बाहर आए थे और वारदात में शामिल तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।