छिछड़ियाधार हादसे में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी हुई शिरगुल जन सेवा समिति, दी 31 हजार की आर्थिक मदद
मकान ढहने से महिला और गर्भवती विवाहित बेटी की हुई थी मौत, समिति ने जताई संवेदना
राजगढ़ क्षेत्र की शिरगुल जन सेवा समिति ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए छिछड़ियाधार हादसे में प्रभावित परिवार की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। समिति की ओर से ग्राम पंचायत सानियो-दीदग के छिछड़ियाधार निवासी भीम सिंह के परिवार को 31 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
दरअसल, अगस्त माह में छिछड़ियाधार गांव में भीम सिंह का तीन मंजिला मकान अचानक ढह गया था। इस दर्दनाक हादसे में उनकी पत्नी और उनकी विवाहित गर्भवती बेटी की मौत हो गई थी। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
शिरगुल जन सेवा समिति के संस्थापक सदस्य रविंद्र कंवर की अध्यक्षता में समिति के सदस्यों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। सदस्यों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए 31 हजार रुपये की सहायता राशि भेंट की।
भीम सिंह ने शिरगुल जन सेवा समिति का आभार जताते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में समिति द्वारा दी गई आर्थिक सहायता परिवार के लिए काफी मददगार है। उन्होंने समिति के धर्मार्थ कार्यों की भी सराहना की।
समिति के संस्थापक सदस्य रविंद्र कंवर ने बताया कि शिरगुल जन सेवा समिति के गठन के बाद से आगजनी और प्राकृतिक आपदाओं में घर खो चुके लोगों के साथ-साथ गंभीर बीमारियों से जूझ रहे दर्जनों जरूरतमंदों की सहायता की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि समिति के सदस्य प्रतिमाह 100 रुपये या उससे अधिक का सहयोग करते हैं। इसी राशि को एकत्र कर जरूरतमंदों और आपदा प्रभावित परिवारों तक आर्थिक मदद पहुंचाई जाती है।
रविंद्र कंवर ने अधिक से अधिक लोगों से इस मानवसेवा अभियान से जुड़ने का आह्वान किया, ताकि संकट के समय जरूरतमंद परिवारों तक समय पर सहायता पहुंचाई जा सके।
न्यूज टुडे हिमाचल के लिए राजगढ़ से रवि दत्त भारद्वाज की रिपोर्ट।
Shimla Urban, Shimla | Sep 18, 2026