राजगढ़ में शिक्षकों के लिए ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ पर क्षमता निर्माण कार्यशाला आयोजित की गई। बाल विकास परियोजना कार्यालय राजगढ़ के सौजन्य से आयोजित इस कार्यशाला में शिक्षा खंड राजगढ़ के करीब 55 अध्यापकों ने भाग लिया।
कार्यशाला में बालिका शिक्षा, सुरक्षा, लैंगिक समानता, डिजिटल शिक्षा, कौशल विकास और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बाल विवाह, भेदभाव और स्कूल छोड़ने जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।
बाल विकास परियोजना अधिकारी सुरेन्द्र चौहान ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल बेटियों को स्कूल तक पहुंचाना नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित, शिक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में शिक्षकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
कार्यशाला के अंत में शिक्षकों से बालिकाओं की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और जरूरतमंद छात्राओं को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करने का आह्वान किया गया।
न्यूज टुडे हिमाचल के लिए राजगढ़ से रवि दत्त भारद्वाज की रिपोर्ट।