भाजपा हरियाणा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता से मिले पूर्व मंत्री असीम गोयल, दी शुभकामनाएं
भाजपा हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता से पूर्व मंत्री असीम गोयल ने उनके निवास स्थान पर शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर असीम गोयल ने डॉ. अर्चना गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष के रूप में मिली नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी तथा उनके सफल एवं प्रभावी कार्यकाल की कामना की।
इस दौरान दोनों नेताओं के बीच संगठन की मजबूती, पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई। असीम गोयल ने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी हरियाणा संगठन को नई ऊर्जा और नई दिशा मिलेगी तथा पार्टी प्रदेश में और अधिक मजबूत होकर उभरेगी।
उन्होंने कहा कि डॉ. अर्चना गुप्ता एक अनुभवी, समर्पित एवं कर्मठ नेतृत्वकर्ता हैं, जिनकी संगठनात्मक क्षमता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता भाजपा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को उनके नेतृत्व में कार्य करने की नई प्रेरणा मिलेगी और संगठन को मजबूती प्रदान होगी।
Ambala, Ambala | Jun 2, 2026