#व्यापारियों_ने_चेयरमैन_पति_के_सामने_रखी_समस्याएं
#विकास और सौहार्द पर दिया जोर
व्यापारियों की पंचायत में गूंजे विकास के मुद्दे,
#सलीम सैयद बोले समस्याओं का होगा समाधान
बिसाऊ। नगरपालिका अध्यक्ष सलमा सैयद की ओर से रविवार को मुसद्दी भवन में कस्बे के व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अध्यक्ष सलमा सैयद के पति एवं वार्ड पार्षद सलीम सैयद का व्यापारियों ने स्वागत एवं सम्मान किया तथा नगर के विकास, बाजार व्यवस्था और व्यापारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों पर खुलकर चर्चा की।
बैठक में युवा उद्योगपति कैलाश बिरमी वाला ने कहा कि नगरपालिका अध्यक्ष सलमा सैयद अपने ससुर एवं पूर्व चेयरमैन हाजी अब्दुल करीम द्वारा दिए गए जनसेवा के संस्कारों पर चलते हुए कस्बे के विकास को नई दिशा देंगी। पूर्व पार्षद नेमीचंद खटीक ने व्यापारियों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि नगरपालिका बिना किसी भेदभाव और राजनीतिक दबाव के कार्य करे। उन्होंने बार-बार बाजार बंद रखने की प्रवृत्ति पर भी पुनर्विचार करने की सलाह दी।
संयुक्त व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव क्याल ने कहा कि किसी भी व्यापारी को अपनी समस्या के समाधान के लिए नगरपालिका के चक्कर नहीं काटने पड़ें, इसके लिए प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए। चुंगी नाका बस स्टैंड व्यापार मंडल बिसाऊ अध्यक्ष सुभाष खटीक ने कहा कि नगरपालिका अध्यक्ष पूरे बिसाऊ का प्रथम नागरिक होता है, इसलिए उसे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी वर्गों के साथ समान व्यवहार करना चाहिए। उन्होंने छोटे व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनने और बिसाऊ की पहचान रहे सांप्रदायिक सौहार्द को बनाए रखने पर भी जोर दिया।
व्यापारी सुभाष क्याल ने बाजार क्षेत्र में महिला शौचालय निर्माण की मांग रखते हुए सलीम सैयद का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। वहीं रविकांत बिरमी वाला ने बाजार में तेज आवाज करने वाली मॉडिफाइड बाइकों पर कार्रवाई तथा स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग रखी।
पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष एवं साहित्यकार रामजीलाल कल्याणी ने कहा कि वर्ष 1957 के नगरपालिका चुनावों में व्यापारी समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और व्यापार मंडल आज भी कस्बे की शान है। उन्होंने पूर्व चेयरमैन हाजी अब्दुल करीम के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि पद आते-जाते रहते हैं, लेकिन विकास और सामाजिक एकता स्थायी होनी चाहिए। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से पार्टीबाजी से ऊपर उठकर बिसाऊ के विकास के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए सलीम सैयद ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी हर समस्या का समाधान आपसी संवाद और विचार-विमर्श से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों पर प्राथमिकता से कार्रवाई कर समाधान करवाने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता सलीम सैयद ने की। कार्यक्रम में साहित्यकार रामजीलाल कल्याणी मुख्य अतिथि तथा संयुक्त व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव क्याल और चुंगी नाका बस स्टैंड व्यापार मंडल अध्यक्ष सुभाष खटीक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। संचालन व्यापारी कुंज बिहारी बिरमी वाला ने किया।
#बिसाऊ #झुंझुनूं #शेखावाटी #ShekhawatiExpress #Bissau #Jhunjhunu #व्यापारीबैठक #व्यापारीपंचायत #नगरपालिकाबिसाऊ #नगरविकास #बिसाऊसमाचार #स्थानीयसमाचार #व्यापारीसमस्याएं #विकासकेमुद्दे #सलीमसैयद #सलमासैयद #जनसमस्याएं #सौहार्द #RajasthanNews #ShekhawatiNews #LocalNews #BreakingNews