#highlight #BreakingNews #UpdateNews #allfollowers #BREAKING
लखीमपुर खीरी। गोवंशों के संरक्षण और उनके रखरखाव में लापरवाही पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को डीएम अंजनी कुमार सिंह ने तहसील एवं ब्लॉक मितौली की ग्राम पंचायत तेंदुआ स्थित गो आश्रय स्थल लोहन्ना का अधिकारियों की टीम के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान व्यवस्थाओं में खामियां मिलने और कर्तव्यों एवं कार्यदायित्वों के निर्वहन में शिथिलता बरतने पर डीएम के निर्देश पर डीडीओ ने ग्राम विकास अधिकारी धर्मेंद्र कुमार वर्मा को निलंबित कर दिया।
निरीक्षण के दौरान गो आश्रय स्थल के एक हिस्से में जलभराव की समस्या सामने आने पर डीएम ने तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलभराव वाले हिस्से में मौजूद गोवंशों को तत्काल आश्रय स्थल के ऊंचे एवं सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए। जलभराव वाले क्षेत्र में ग्राम निधि से मिट्टी का पटान कराकर आवश्यक सुधार कार्य कराए जाएं, ताकि वहां गोवंशों के लिए सुरक्षित एवं उपयुक्त आश्रय स्थल विकसित किया जा सके। इस कार्य को प्राथमिकता से पूरा कराने और उसकी निगरानी की जिम्मेदारी सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को सौंपी।
डीएम ने आश्रय स्थल में गोवंशों के भरण-पोषण की व्यवस्थाओं पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि गोवंशों के लिए भूसे का पर्याप्त भंडारण रखा जाए और हरे चारे की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही साफ-सफाई, गोवंशों के रखरखाव और अन्य जरूरी सुविधाओं की पड़ताल करते हुए चिह्नित कमियों को तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए।
व्यवस्थाओं में खामियां मिलने पर डीएम ने ग्राम पंचायत के प्रशासक एवं ग्राम पंचायत अधिकारी को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने दो टूक कहा कि गोवंशों की सुरक्षा, संरक्षण एवं देखभाल में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। कार्यदायित्वों के निर्वहन में शिथिलता बरतने वालों की जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम मितौली संतदास पवार, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), ग्राम पंचायत के प्रशासक एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
#