गर्भवती की मौत, 11 घंटे बाद हुई पहचानः महिला पिहानी के सरौरा गांव की निवासी थी, दवा लेने अस्पताल आई थी
हरदोई मेडिकल कॉलेज में रविवार देर रात इलाज के दौरान एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। उसकी पहचान सोमवार की सुबह करीब 10 बजे, यानी घटना के लगभग 11 घंटे बाद हो पाई। महिला को रविवार दोपहर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। दोपहर बाद शव का पोस्टमार्टम हुआ।जानकारी के अनुसार, महिला रविवार दोपहर दवा लेने के लिए मेडिकल कॉलेज आई थी। इसी दौरान वह गिर गई और उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कर लिया गया था, लेकिन इलाज के दौरान देर रात 11:07 बजे उसने दम तोड़ दिया। पहचान न होने के कारण शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया था।दवा लेने अकेली मेडिकल कॉलेज आई थी पीड़िता,मृतक महिला की पहचान पिहानी कोतवाली क्षेत्र के सरौरा गांव निवासी 45 वर्षीय प्रीति के रूप में हुई है। उनके पति पच्चू खेती करते हैं। पच्चू ने बताया कि उनके तीन पुत्र और दो विवाहित पुत्रियां हैं। प्रीति गर्भवती थीं और पिछले कुछ दिनों से उनके पैरों में सूजन थी, जिसकी दवा लेने वह अकेली मेडिकल कॉलेज आई थीं।सोमवार सुबह पुलिस ने महिला के दवा के पर्चे पर लिखे पते के आधार पर परिजनों से संपर्क किया और उन्हें घटना की सूचना दी। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि शव का पंचनामा भरवा लिया गया है। परिजनों द्वारा दिए जाने वाले शिकायती पत्र और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Hardoi, Hardoi | Jun 8, 2026