बेलसंड विधायक अमित कुमार रानू के मुजफ्फरपुर आवास पर पुलिस की रेड, 3 DSP समेत 100 से अधिक जवान तैनात
मुजफ्फरपुर में रविवार सुबह लोजपा (रामविलास) के बेलसंड विधायक अमित कुमार रानू के आवास पर पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस टीम सुबह करीब 6 बजे विधायक के मुजफ्फरपुर स्थित घर पहुंची, जहां पिछले कई घंटों से जांच जारी है। रेड के दौरान विधायक अमित कुमार रानू भी आवास पर मौजूद बताए जा रहे हैं। पुलिस के वरीय अधिकारी और तीन डीएसपी की मौजूदगी में जमीन से जुड़े कागजात और प्रॉपर्टी से संबंधित अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई विधायक के भाई सोनू सिंह से जुड़े एक जमीन विवाद और तोड़फोड़ के मामले के सिलसिले में की गई है। सोनू सिंह पर करीब 13 मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। आरोप है कि 20 अगस्त को अहियापुर थाना क्षेत्र में विवादित जमीन पर कई गाड़ियों के साथ पहुंचकर जेसीबी से तोड़फोड़ की गई थी। पुलिस इसी मामले में जांच और संभावित गिरफ्तारी को लेकर विधायक के आवास पर पहुंची है। रेड के दौरान 100 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
#Muzaffarpur #AmitKumarRanu #LJP #PoliceRaid #TirhutNow