तामेश्वरनाथ में भीषण अग्निकांड, गरीब महिला की सिंगार दुकान जलकर राख
खलीलाबाद/संतकबीरनगर।तामेश्वरनाथ क्षेत्र में अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग ने एक गरीब महिला की मेहनत की कमाई को पलभर में राख कर दिया। आग की चपेट में आने से रूमाली देवी पत्नी स्वर्गीय जितेंद्र की सिंगार सामग्री की पूरी दुकान जलकर नष्ट हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते दुकान में रखा सारा सामान आग की लपटों में घिर गया। घटना में करीब 5 से 7 लाख रुपये मूल्य का सामान जलकर राख हो गया। दुकान में रखी सिंगार सामग्री, कॉस्मेटिक सामान एवं अन्य आवश्यक वस्तुएं पूरी तरह नष्ट हो गईं।घटना के बाद पीड़ित महिला रूमाली देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पति के निधन के बाद वह इसी दुकान के सहारे अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही थीं। अचानक हुए इस नुकसान ने परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा कर दिया है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित महिला को तत्काल आर्थिक सहायता एवं मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि वह पुनः अपना रोजगार शुरू कर सके। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है।ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन और समाजसेवियों को आगे आकर इस असहाय महिला की मदद करनी चाहिए, ताकि उसकी उजड़ी हुई रोजी-रोटी फिर से पटरी पर लौट सके।