बार एसोसिएशन के दीपक चौहान बने अध्यक्ष
कांटे के मुकाबले में पांच वोट से दर्ज की जीत, दीपक को 858 और नेत्रपाल चौहान को 853 मत मिले
पलवल। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में शुक्रवार को अध्यक्ष पद पर दीपक चौहान ने कांटे के मुकाबले में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी नेत्रपाल चौहान को महज पांच मतों से हराकर जीत हासिल की। दीपक चौहान को 858 मत, जबकि नेत्रपाल चौहान को 853 मत प्राप्त हुए।
चुनाव में कुल 1,893 मतदाताओं में से 1,719 अधिवक्ताओं ने मतदान किया। शाम करीब पांच बजे घोषित परिणाम में दीपक चौहान को 858 मत मिले, जबकि नेत्रपाल चौहान को 853 मत और वेद प्रकाश गौड़ को मात्र आठ मत प्राप्त हुए।
सचिव पद पर राकेश चौहान ने कैलाश तंवर को शिकस्त दी, जबकि संयुक्त सचिव पद के लिए आकाश भारद्वाज ने बाजी मारी। रिटर्निंग अधिकारी जोगिंदर चौहान की देखरेख में पूरी चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई।
उपाध्यक्ष पद पर मुनेश शर्मा (मन्नू) तथा लेडी सीनियर एग्जीक्यूटिव के पद पर अनुराधा शर्मा को पहले ही निर्विरोध चुन लिया गया था। इसके अलावा कोषाध्यक्ष पद पर तारा चंद को हराकर विजयी घोषित हुए।
चुनाव को लेकर जिला अदालत परिसर में सुबह से ही उत्साह का माहौल रहा। मतदान शुरू होने से पहले ही जिले के विभिन्न थानों से पुलिस बल अदालत परिसर में पहुंच गया था। मतदान के दौरान अधिवक्ताओं के मोबाइल फोन व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर रोक रही। बार काउंसिल आईडी, आधार कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस अथवा पासपोर्ट जैसे मूल पहचान पत्रों के सत्यापन के बाद ही अधिवक्ताओं को मतदान की अनुमति दी गई।
चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग ने भी मतदान स्थल का दौरा किया।
जीत के बाद जश्न: दीपक चौहान की जीत की घोषणा होते ही जिला न्यायालय परिसर में समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर दीपक चौहान को कंधों पर उठाकर नारेबाजी की। उम्मीदवारों के समर्थकों ने भी ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी मनाई। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बावजूद परिसर में उत्साह का माहौल बना रहा।
Palwal, Palwal | Sep 12, 2026