एमएलसी चुनाव: भलुअनी समेत तीन क्षेत्रों में डीएम-एसपी का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था परखी
#देवरिया। विधान परिषद निर्वाचन-2026 के तहत शुक्रवार को जिले में चल रहे मतदान के बीच जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने भलुअनी, रामपुर कारखाना और सदर क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती और मतदान प्रक्रिया का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने मतदान केंद्रों के प्रवेश और निकास मार्गों का अवलोकन किया। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने, अनावश्यक भीड़ रोकने और अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर प्रतिबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने मतदान कार्मिकों के साथ समन्वय बनाकर मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न कराने और मतदाताओं के साथ शालीन व्यवहार करने पर जोर दिया। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और शांति व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन के अनुसार, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।
Barhaj, Deoria | Oct 23, 2026