#अपराध समीक्षा बैठक में एसपी ने दिए कड़े निर्देश, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण पर जोर
#बलिया। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने सोमवार को पुलिस लाइन स्थित मीटिंग हॉल में जनपद के क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों और पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में थानों पर लंबित विवेचनाओं, जनशिकायतों और अपराध नियंत्रण की स्थिति की समीक्षा की गई।
एसपी ने लंबे समय से लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने तथा वांछित अभियुक्तों और वारंटियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। आईजीआरएस और शिकायती प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने रात में चौराहों और तिराहों पर प्रभावी चेकिंग करने, अपराधियों का भौतिक सत्यापन करने तथा अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी एवं खरीद-बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। थानों में लंबित मालों के निस्तारण और महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई पर भी जोर दिया गया।
एसपी ने आगामी नवरात्रि और अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए थाना प्रभारियों को आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही 112 की पीआरवी को मिलने वाले इवेंट पर शीघ्र मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इससे पहले पुलिस लाइन में सैनिक सम्मेलन आयोजित कर पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनी गईं। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
बैठक में एएसपी उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ल, एएसपी दक्षिणी संजय वर्मा, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी, प्रतिसार निरीक्षक समेत पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
#बलिया #बलिया_पुलिस #एसपी_ओमवीर_सिंह #अपराध_समीक्षा_बैठक #पुलिस_लाइन #अपराध_नियंत्रण #लंबित_विवेचना #वांछित_अभियुक्त #वारंटी_गिरफ्तारी #आईजीआरएस #जनशिकायत #अवैध_शराब #मादक_पदार्थ #महिला_अपराध #नवरात्रि #त्योहार_सुरक्षा #यूपी_पुलिस #BalliaPolice #BalliaNews