ऑपरेशन हंटडाउन का एक महीने में बड़ा असर: पंचकूला पुलिस ने चोरी-स्नैचिंग के 19 मामलों में 36 आरोपियों को किया गिरफ्तार, 78 वाहन सहित अन्य सामान बरामद
ट्राईसिटी में करीब 60 स्नैचिंग करने वाला मास्टरमाइंड विक्की भी साले उस्मान अली समेत गिरफ्तार, 1800 से ज्यादा कैमरों की फुटेज खंगालकर पहुंची पुलिस आरोपियों तक, दोनों 5 दिन के पुलिस रिमांड पर
5 माह पहले ही सजा पूरी होने के बाद जेल से बाहर आया था विक्की, स्पोर्ट्स बाइक पर करते थे रैकी, काली टेप लगाकर खुद करते थे नकली नंबर प्लेट तैयार
पंचकूला/02 अक्टूबर: पंचकूला में चोरी और स्नैचिंग की वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन द्वारा शुरू किए गए विशेष अभियान ऑपरेशन हंटडाउन के तहत सितंबर माह में पंचकूला पुलिस ने चोरों और स्नैचरों के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई की। एक महीने तक चले इस विशेष अभियान के दौरान क्राइम यूनिट-1, 2 और 3 की टीमों ने लगातार कार्रवाई करते हुए चोरी और स्नैचिंग के 19 मामलों में 36 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से नकदी, 6 मोबाइल फोन, 78 वाहन और अन्य सामान बरामद किया गया है। बरामद वाहनों में बाइक, एक्टिवा, कार और टिप्पर शामिल हैं। अभियान के दौरान दो बड़े वाहन चोर गिरोहों का भी पर्दाफाश किया। हमारी कार्रवाई केवल चोरी और स्नैचिंग करने वाले आरोपियों तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी, बल्कि चोरी का सामान खरीदने, आगे सप्लाई करने या वाहनों को तोड़कर उनके पुर्जे बेचने वाले लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की।
इसी अभियान के तहत पंचकूला पुलिस को एक और बड़ी सफलता 1 अक्टूबर को मिली जब करीब 60 स्नैचिंग वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपी विक्की उर्फ देवेन्द्र सिंह को उसके रिश्ते में साले उस्मान अली समेत गिरफ्तार किया गया। आरोपियों तक पहुंचने के लिए इन्चार्ज प्रवीण मलिक की अगुवाई में करीब 1800 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। आरोपी विक्की उर्फ देवेन्द्र सिंह, निवासी बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी डेराबस्सी, पिछले करीब 20 वर्षों से ट्राईसिटी क्षेत्र में सक्रिय रहा है। वह करीब पांच माह पहले सजा पूरी कर जेल से बाहर आया था। जेल से बाहर आने के बाद उसने अपने साले उस्मान अली पुत्र मेहरबान अली, निवासी उत्तर-पूर्वी दिल्ली के साथ मिलकर दोबारा वारदातें शुरू कर दीं। आरोपियों ने 25 जुलाई 2026 को सैक्टर-14 थाना में दर्ज एक मामलें में सेक्टर-16 पंचकूला निवासी महिला की सोने की चेन झपट ली थी।
एसीपी क्राइम अमन कुमार के अनुसार पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी दिन के समय स्पोर्ट्स बाइक पर घूमकर रेकी करते थे और वारदात के दौरान नकली नंबर प्लेट का इस्तेमाल करते थे। आरोपी काली टेप आदि की मदद से खुद नकली नंबर प्लेट तैयार करते थे। दोनों पंचकूला के अलावा चंडीगढ़ और मोहाली में भी वारदातों को अंजाम देते थे। दोनों आरोपियों का 5 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
एक महीने की कार्रवाई में अपराधियों के पूरे नेटवर्क पर फोकस
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने बताया कि ऑपरेशन हंटडाउन के तहत सितंबर माह में चोरी और स्नैचिंग की वारदातों पर विशेष फोकस रखते हुए लगातार कार्रवाई की गई। हमारी टीमों ने मिलकर ऐसे अपराधियों की पहचान की जो चोरी और स्नैचिंग की वारदातों में शामिल रहे हैं।
पुलिस कमिश्नर ने आगे कहा कि पंचकूला पुलिस का उद्देश्य जिले में ऐसा सुरक्षित माहौल कायम करना है, जहां लोग अपने परिवार के साथ सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर बेखौफ होकर घूम सकें। आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
Uklana, Hissar | Oct 2, 2026