18 हजार रुपये के लिए 60 साल के बकरी व्यापारी की हत्या, जंगल में खोदी कब्र; 12 घंटे में खुला राज
धनतेरस की सुबह बकरी खरीदने निकले लख्खू चिकवा को रास्ते में बनाया निशाना, दो युवकों और एक नाबालिग ने मिलकर की वारदात; गला घोंटकर हत्या के बाद शव दफनाया, लूटी रकम आपस में बांटी
*रीवा। धनतेरस के दिन जिस घर में त्योहार की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां मातम पसर गया। महज 18 हजार रुपये के लालच में दो युवकों और एक नाबालिग ने 60 वर्षीय बकरी व्यापारी लख्खू चिकवा की हत्या कर दी। आरोपियों ने पहले व्यापारी का गला घोंटा, फिर शव को बौलिया घाट के जंगल में नाले के पास मिट्टी में दफना दिया। वारदात के बाद उसकी लुना गाड़ी झाड़ियों में छिपा दी और लूटे गए रुपये आपस में बांट लिए। अतरैला पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब 12 घंटे के भीतर अंधी हत्या का पर्दाफाश कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
18 हजार रुपये लेकर निकले थे, घर पहुंची मौत की खबर
अतरैला थाना क्षेत्र के चौखण्डी गांव निवासी लख्खू चिकवा (60) बकरी खरीदने-बेचने का कारोबार करते थे। 6 नवंबर को धनतेरस की सुबह करीब 7 बजे वह अपनी लुना गाड़ी से 18 हजार रुपये लेकर कुरैली की तरफ बकरी खरीदने निकले थे। शाम तक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने तलाश शुरू की। मोबाइल बंद मिलने पर चिंता बढ़ी और पुलिस को सूचना दी गई। शुरुआत में मामला गुमशुदगी का था, लेकिन कुछ ही घंटों में यह सनसनीखेज हत्या में बदल गया।
झाड़ियों में छिपाई गाड़ी, पास ही मिट्टी के नीचे दबा था शव
तलाश के दौरान पुलिस को ग्राम कुरैली में बरसाती त्रिपाठी की पहाड़ी जमीन की झाड़ियों में लख्खू की लुना गाड़ी छिपी मिली। कुछ दूरी पर बहरा (नाले) के पास मिट्टी की नई परत दिखाई दी। पुलिस को शक हुआ कि यहीं शव छिपाया गया है। एफएसएल और डॉग स्क्वॉड टीम को बुलाया गया। परिजनों की मौजूदगी में मिट्टी हटवाई गई तो नीचे लख्खू चिकवा का शव मिला। परिजनों ने उसकी पहचान की। मौके के साक्ष्यों ने साफ कर दिया कि व्यापारी के साथ कोई अनहोनी नहीं, बल्कि सुनियोजित वारदात हुई थी।
18 हजार के लिए गला घोंटा, शव दफनाकर लौटे आरोपी
पुलिस के मुताबिक संदेह के आधार पर बुद्धसेन कोल और प्रभुनाथ कोरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने विधि विरुद्ध बालक के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। आरोपियों ने व्यापारी के रुपये छीनने के उद्देश्य से उसका गला घोंटकर हत्या की और शव को बहरा में फेंककर आसपास की मिट्टी खोदकर ऊपर डाल दी। इसके बाद लुना गाड़ी झाड़ियों में छिपा दी। व्यापारी के पास रखे 18 हजार रुपये आपस में बांट लिए और मोबाइल भी अपने साथ ले गए।
12,600 रुपये, मोबाइल और लुना जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मृतक की लुना गाड़ी, 12 हजार 600 रुपये और नीले रंग का नोकिया कीपैड मोबाइल जब्त किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 238 जोड़ी गई। दोनों बालिग आरोपियों और विधि विरुद्ध बालक के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
तीन घंटे चक्काजाम, सड़क पर उतरे ग्रामीण
लख्खू चिकवा का शव मिलने की खबर फैलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश भड़क उठा। अकेला बाजार में चक्काजाम कर डभौरा, सिरमौर और रामबाग मार्ग पर आवागमन रोक दिया गया। करीब तीन घंटे तक सड़क पर विरोध प्रदर्शन चलता रहा। ग्रामीण वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। सूचना पर तहसीलदार और एसडीओपी पहुंचे। अधिकारियों की समझाइश और कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में बनीं पुलिस टीमें
पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा एवं एसडीओपी डभौरा नारायण सिंह कुम्हरे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अतरैला विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं। कार्रवाई में अतरैला पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सवाल छोड़ गई वारदात
धनतेरस की सुबह घर से कारोबार के लिए निकला एक बुजुर्ग व्यापारी शाम तक वापस नहीं लौटा। परिवार उसकी तलाश करता रहा और उधर जंगल की मिट्टी में उसकी जिंदगी का अंत छिपा था। महज 18 हजार रुपये के लालच में हुई इस वारदात ने तराई अंचल को झकझोर दिया। पुलिस ने आरोपियों को पकड़कर मामले का खुलासा तो कर दिया, लेकिन त्योहार के दिन उजड़े परिवार का दर्द अब भी बरकरार है