बलिया थाना क्षेत्र में हथियार बरामदगी मामले की जांच, डीआईजी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
बेगूसराय।
बलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरियारपुर में 4 जुलाई को पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई को लेकर सोशल मीडिया पर उठे सवालों के बीच मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी), मुंगेर क्षेत्र ने स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को बलिया थाना पुलिस ने ग्राम बरियारपुर में छापेमारी कर कुख्यात अपराधी सोनू सिंह और मोनू सिंह को गिरफ्तार किया था। दोनों अभियुक्त स्व. विनोद सिंह के पुत्र हैं और थाना बलिया, जिला बेगूसराय के निवासी बताए जाते हैं। पुलिस ने उनके पास से एक देशी कट्टा, नौ जिंदा कारतूस, एक खोखा, एक चाकू तथा 3000 रुपये नकद बरामद किए थे।
इस कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया पर मामले को लेकर विभिन्न प्रकार की भ्रामक और विरोधाभासी बातें सामने आने लगीं। इसे गंभीरता से लेते हुए डीआईजी, मुंगेर क्षेत्र 5 जुलाई 2026 को स्वयं ग्राम बरियारपुर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की विस्तृत जानकारी ली।
जांच के दौरान स्थानीय ग्रामीणों और अभियुक्तों के परिजनों से भी पूछताछ की गई। पूछताछ में यह बात सामने आई कि गिरफ्तार दोनों आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं तथा उनका पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि दोनों पिछले एक सप्ताह से हथियार लेकर क्षेत्र में घूम रहे थे।
डीआईजी द्वारा प्रत्यक्षदर्शी गवाहों से भी पूछताछ की गई, जिसमें सभी ने घटना की पुष्टि की। इसके साथ ही छापेमारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारियों एवं सशस्त्र बल से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई।
हालांकि, बरामद हथियार के साक्ष्य संकलन के दौरान वीडियो बनाने की प्रक्रिया में कुछ प्रक्रियात्मक त्रुटियां पाए जाने की बात सामने आई है। इस संबंध में संबंधित पुलिस कर्मियों के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ निष्पक्ष जांच और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
#Begusarai #BreakingNews #HindiNews
Dandari, Begusarai | Jul 6, 2026