आगामी मोहर्रम पर्व के अवसर पर विधि व्यवस्था एवं लोक व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आज दिनांक, 20.06.2026 को अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवहर की संयुक्त अध्यक्षता में महात्मा गांधी नगर भवन शिवहर में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक आहूत की गई। अनुमंडल पदाधिकारी, शिवहर द्वारा बताया गया कि त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मोहर्रम का जुलूस निकालने के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। इस पर्व के अवसर पर विधि व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। सभी संवेदनशील स्थानों एवं रैन पर संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं थाना अध्यक्ष के द्वारा जुलूस की वीडियोग्राफी कराई जाएगी ताकि किसी प्रकार की विधि व्यवस्था की स्थिति भंग होती है तो असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि डी0जे0 का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। सभी थाना अध्यक्ष को अपने क्षेत्र अंतर्गत डी0जे0 को जप्त करने का निर्देश दिया गया। अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने, विभिन्न धर्मो, जातीय या समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाने वालों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी। जुलूस में उत्तेजक या भड़काऊ गाना तथा नारेबाजी नहीं किया जाएगा। अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि सोशल मीडिया पर करी निगरानी रखी जाएगी। बैठक में उपस्थित सभी लोगों से अनुरोध किया गया की सोशल मीडिया पर किसी प्रकार के आपत्तिजनक फोटो वीडियो आदि संज्ञान में आने पर इस संबंध में अविलंब वरीय पदाधिकारी को अवगत कराये। अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि मोहर्रम पर्व के अवसर पर असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी एवं विधि व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। शांति समिति की बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी, सभी थाना अध्यक्ष, डॉ नूतन सिंह, हरिद्वार पटेल, मोहम्मद आफताब आलम मुखिया सुगिया कटसरी, मुकुंद प्रकाश मिश्रा मोहम्मद नसीम अख्तर, परसौनी तैयब, रूपलाल महतो मीनापुर वलहा, राकेश गुप्ता, मोहम्मद महबूब आलम, मोहम्मद नसीम नगर परिषद सहित कई गणमान्य व्यक्ति एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।