बारहठ महाविद्यालय में एक शिक्षक एक वृक्ष कार्यक्रम के तहत वृक्षारोपण: प्रकृति की सेवा ही सच्ची राष्ट्र सेवा- गेंदालाल
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक
शाहपुरा। श्री प्रताप सिंह बारहठ राजकीय महाविद्यालय, शाहपुरा अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (ABRSM) उच्च शिक्षा राजस्थान की शाहपुरा (भीलवाड़ा) इकाई के तत्वावधान में आज देशव्यापी अभियान एक शिक्षक एक वृक्ष कार्यक्रम के अन्तर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय महाविद्यालय में किया गया। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सहक्षेत्र कार्यवाह (राजस्थान क्षेत्र) गेंदालाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विभाग प्रचारक दीपक, जिला प्रचारक केशव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरूआत अतिथियों द्वारा अमर शहीद कुँवर प्रताप सिंह बारहठ की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया। इसके पश्चात् संगठन के पदाधिकारियों और अतिथियों द्वारा औषधीय और छांयादार पौधा का रोपण किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सहक्षेत्र कार्यवाह ने कहा कि पर्यावरण का संतुलन बिगडना आज वैश्विक चिंता का विषय है। एक शिक्षक एक वृक्ष कार्यक्रम एक संगठन का कार्यक्रम नहीं है बल्कि यह अपनी धरती माँ के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक पवित्र माध्यम है। प्रकृति की सेवा करना ही वास्तव में सच्ची राष्ट्र सेवा है। उन्होंने उपस्थित संकाय सदस्यों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों से आहवान किया कि वे न केवल पौधे लगाये बल्कि उनके बड़े होने तक उनका पालन पोषण और संरक्षण करने का संकल्प ले। इस अवसर पर उच्च शिक्षा राजस्थान के जिला अध्यक्ष एवं प्राचार्य डाॅ. पुष्करराज मीणा ने बताया कि महासंघ हमेशा से राष्ट्रहित और समाजहित के कार्याें में अग्रणी रहा है। शिक्षा जगत से जुड़े होने के नाते समाज को सही दिशा दिखाना हमारा दायित्व है। इस अवसर पर धर्मनारायण वैष्णव सह प्रचार प्रमुख, सभी संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहें। कार्यक्रम का आयोजन इकाई सचिव डाॅ. रंजीत जगरिया के निर्देशन में किया गया।