नीट मेडिकल परीक्षा-2026 में सफल विद्यार्थियों का सम्मान समारोह आयोजित
सफल 44 विद्यार्थियों का सांसद श्री साहू ने किया सम्मान
===============================================================
छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा जिले के शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत 44 विद्यार्थियों द्वारा नीट मेडिकल परीक्षा 2026 में सफलता प्राप्त करने पर उनका सम्मान समारोह शनिवार को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय छिंदवाड़ा में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांसद श्री विवेक बंटी साहू, नगर निगम महापौर श्री विक्रम अहके, विभिन्न मंडल अध्यक्ष, जिला शिक्षा अधिकारी श्री जे.के. इड़पाचे, सहायक संचालक श्री डी.पी. डेहरिया, उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य श्री आर.के. साहू तथा पूर्व प्राचार्य श्री ए. काले की गरिमामयी उपस्थिति में सफल विद्यार्थियों एवं उनके पालकों का सम्मान किया गया।
इस अवसर पर सांसद श्री साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह जिले के लिए गौरव का क्षण है। शासकीय विद्यालयों में अध्ययन कर विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा के बल पर यह सफलता अर्जित कर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि को निरंतरता बनाए रखने के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा और आगामी वर्षों में और बेहतर परिणाम प्राप्त करने के लिए प्रयास जारी रहेंगे।
नगर निगम महापौर श्री अहके ने विद्यार्थियों को मेडिकल शिक्षा प्राप्त कर डॉक्टर बनकर मानव सेवा करने का संदेश दिया। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी श्री इड़पाचे ने आगामी वर्षों में और अधिक सुव्यवस्थित योजना बनाकर नीट परीक्षा में सफलता का प्रतिशत बढ़ाने का विश्वास व्यक्त किया।
कार्यक्रम में नीट की नोडल अधिकारी श्रीमती अमिता शर्मा ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा श्री संजय मोहोड ने मंच संचालन किया। अंत में उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य श्री आर.के. साहू ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित था। सांसद श्री साहू के हाथों सम्मान प्राप्त कर विद्यार्थियों एवं उनके पालकों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
100 views | Chhindwara, Madhya Pradesh | Jul 25, 2026