परिहार के विकास को लेकर विधायक गायत्री देवी ने पथ निर्माण मंत्री से की मुलाकात।
क्षेत्र की सड़क, आवागमन और जनसमस्याओं को लेकर मंत्री के समक्ष रखी मांगें, विकास कार्यों में तेजी पर हुई चर्चा
सीतामढ़ी/परिहार। परिहार विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने और आम लोगों से जुड़ी समस्याओं के समाधान को लेकर परिहार विधायक गायत्री देवी ने बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र से शिष्टाचार मुलाकात की। मुलाकात के दौरान विधायक ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं एवं विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को मंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा।
विधायक गायत्री देवी ने क्षेत्र की सड़क व्यवस्था, बेहतर आवागमन और आधारभूत संरचना से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए जनहित में आवश्यक पहल की मांग रखी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास के लिए बेहतर सड़क संपर्क बेहद जरूरी है। सड़कें मजबूत होंगी तो आम लोगों के साथ-साथ व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्र को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।
मुलाकात के दौरान विधायक ने परिहार विधानसभा क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं और क्षेत्र की जमीनी समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। उन्होंने विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने तथा लंबित कार्यों में तेजी लाने की दिशा में पहल का आग्रह किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राम नरेश प्रसाद यादव एवं युवा मोर्चा शिवहर प्रभारी अंकुश यादव भी मौजूद रहे।
विधायक गायत्री देवी ने कहा कि परिहार विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए संबंधित विभागों एवं सरकार के स्तर पर लगातार प्रयास किए जाएंगे।
मुलाकात को क्षेत्र के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को सरकार के स्तर तक पहुंचाने की दिशा में अहम पहल के रूप में देखा जा रहा है।