आयुर्वेद केवल उपचार नहीं, स्वस्थ जीवनशैली का आधार : देवी सहाय मीणा
बीरगंज स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास परिसर में आयुर्वेद दिवस पर आयोजित हुआ समारोह, वक्ताओं ने दैनिक जीवन में आयुर्वेद अपनाने पर दिया जोर
बीरगंज (नेपाल)। नेपाल के बीरगंज स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास परिसर में आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय महावाणिज्यदूत महामहिम देवी सहाय मीणा ने ‘स्वस्थ कल के लिए आयुर्वेद’ विषय पर अपने विचार व्यक्त किए।
महावाणिज्यदूत देवी सहाय मीणा ने कहा कि आयुर्वेद केवल रोगों के उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित खानपान और प्राकृतिक उपचार पद्धति का समग्र माध्यम है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद की उपयोगिता और महत्व को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है।
उन्होंने मानव जीवन को स्वस्थ एवं संतुलित बनाए रखने में आयुर्वेद की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत और नेपाल के बीच सांस्कृतिक एवं चिकित्सकीय संबंधों को मजबूत करने में भी आयुर्वेद की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
समारोह में डॉ. शिव नारायण गुप्ता, डॉ. देवेश चंद्र पाठक, डॉ. महारूद्र ठाकुर, डॉ. पुनीता केशरी, डॉ. राहुल विक्रम साह सहित अन्य वक्ताओं ने आयुर्वेद के महत्व, दैनिक जीवन में इसके उपयोग, प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति के विभिन्न पहलुओं तथा आधुनिक स्वास्थ्य प्रणाली के साथ आयुर्वेद की उपयोगिता पर विस्तार से विचार रखे।
कार्यक्रम में वाणिज्यदूत मनीष दास, वाणिज्यदूत अजय जैन, बीरगंज उद्योग वाणिज्य संघ के उपाध्यक्ष माधव राजपाल, आजीवन सदस्य लायन आर.एस. खेतान, पत्रकार राहुल कुमार गुप्ता, समाजसेवी संजय अग्रवाल, कीर्ति अग्रवाल, सोनी अग्रवाल, पिया सिंह, रेणुका गिरी, गुड्डी जोशी, प्रसिद्धि आनंद, पत्रकार दीपेन्द्र प्रजापति, शिव गोयल सहित उद्योगपति, व्यापारी, बुद्धिजीवी, आयुर्वेद प्रेमी, दूतावास के पदाधिकारी एवं कर्मचारी तथा महिला-पुरुष बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं सहभागियों के प्रति वाणिज्यदूत मनीष दूधपुरी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।