फतेहाबाद में पर्यावरण संरक्षण और महिला सम्मान को समर्पित ज़िन्दगी संस्था का ‘एक बेटी–एक पौधा’ अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। इसी कड़ी में शहर के सीनियर मॉडल स्कूल प्रांगण में एक विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें डीएसपी संजय बिश्नोई ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान बौद्धी धर्मा स्पोर्ट्स एकेडमी की राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और राज्य स्तरीय 15 खिलाड़ी बेटियों ने पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डीएसपी संजय बिश्नोई का स्वागत ज़िन्दगी संस्था और स्कूल प्रबंधन के पदाधिकारियों द्वारा किया गया।
डीएसपी संजय बिश्नोई ने अपने संबोधन में कहा कि बेटियां केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज का गौरव हैं। उन्होंने कहा कि आज बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के दौर में पौधारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहें, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षण भी दें।
उन्होंने ज़िन्दगी संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बेटियों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना एक सकारात्मक और दूरदर्शी सोच है, जो आने वाली पीढ़ियों को बेहतर भविष्य देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
वहीं ज़िन्दगी संस्था अध्यक्ष हरदीप सिंह ने बताया कि सावन माह में चलाए जा रहे ‘एक बेटी–एक पौधा’ अभियान के तहत अब तक करीब 150 पौधे बेटियों के हाथों रोपित करवाए जा चुके हैं। अभियान का उद्देश्य बेटियों के सम्मान के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करना है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय वुशु कोच प्रदीप सिंह, स्कूल प्रबंधन समिति प्रधान नीरज शर्मा, प्राचार्य सीताराम बिश्नोई सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।