।।समाहरणालय पूर्णिया।।
(जिला जनसंपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति1283,
दिनांक 05/ 9/2026,
==================
निक्षय मित्र योजना: पूर्णिया के 26 टीबी रोगियों को बांटे गए पोषण आहार के फूड बास्केट
* एशियन हॉस्पिटल, पूर्णिया के सौजन्य से जिला यक्ष्मा केंद्र में आयोजित हुआ कार्यक्रम
* दवाइयों के साथ बेहतर पोषण स्तर ही टीबी मुक्त भारत का आधार: स्वास्थ्य अधिकारी
पूर्णिया (5 सितंबर 2026): टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत शनिवार को जिला यक्ष्मा केंद्र, पूर्णिया में निक्षय मित्र योजना के अंतर्गत 26 टीबी रोगियों के बीच पोषण सामग्री युक्त फूड बास्केट का वितरण किया गया। एशियन हॉस्पिटल (पोस्टमार्टम रोड, लाइन बाजार, पूर्णिया) के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम का मार्गदर्शन सिविल सर्जन डॉ. प्रमोद कुमार कनौजिया एवं जिला संचारी रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. तनवीर हैदर ने किया।
दवा के साथ पौष्टिक आहार भी बेहद जरूरी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि टीबी के सफल इलाज के लिए दवाओं के साथ-साथ मरीजों के पोषण स्तर में सुधार होना बेहद जरूरी है। निक्षय मित्र योजना का उद्देश्य मरीजों को पोषण संबंधी सहायता देकर उनके स्वस्थ होने की प्रक्रिया को तेज करना है।
नियमित इलाज और जागरूकता पर जोर
इस दौरान रोगियों और उनके परिजनों को नियमित दवा सेवन, सही पोषण और इलाज को बीच में न छोड़ने के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने समाज के अन्य वर्गों और निजी संस्थाओं से भी निक्षय मित्र बनकर टीबी रोगियों की मदद के लिए आगे आने की अपील की, ताकि सामूहिक प्रयासों से देश को टीबी मुक्त बनाया जा सके।
कार्यक्रम में उपस्थिति
इस अवसर पर टीबी विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दिनेश कुमार, डीपीएस राजेश शर्मा, एसटीएस राकेश कुमार सिंह, एसटीएलएस प्रिया सिंह, एएनएम राजिना मुर्मू तथा डब्ल्यूएचपी संस्था के अभिषेक कुमार, चंदन कुमार, साक्षी गुप्ता, मनीन्द्र कुमार सहित कई अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
Purnia, Bihar | Sep 5, 2026