210 गुम मोबाइल लौटाकर देवास पुलिस ने लौटाई सैकड़ों परिवारों की मुस्कान
'सेफ क्लिक-2.0' अभियान के 13वें दिन 36 लाख के मोबाइल बरामद, साइबर ठगी के ₹3.06 करोड़ भी लौटवाए
देवास। "सेफ क्लिक-2.0" अभियान के तहत देवास पुलिस ने सोमवार को 210 गुम मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को लौटाकर सैकड़ों परिवारों के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी। करीब 36 लाख रुपए मूल्य के ये मोबाइल गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना सहित मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से ट्रेस कर बरामद किए गए।
पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोद ने मोबाइल स्वामियों को उनके फोन सौंपे और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। अभियान के दौरान लोगों को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश, शेयर ट्रेडिंग फ्रॉड, OTP-KYC धोखाधड़ी, QR कोड स्कैम, APK फाइल और फर्जी लिंक जैसे साइबर अपराधों से बचाव के तरीके भी बताए गए।
साइबर सेल की बड़ी उपलब्धियां
• 210 गुम मोबाइल (करीब ₹36 लाख) खोजकर लौटाए।
• 760 पीड़ितों को साइबर ठगी के ₹3.06 करोड़ वापस दिलाए।
• 240 लोगों को डिजिटल अरेस्ट व अन्य साइबर अपराधों का शिकार होने से बचाया।
• 2600 से अधिक फर्जी मोबाइल नंबर ब्लॉक कराए।
• वर्ष 2025-26 में अब तक 875 गुम मोबाइल (करीब ₹1.40 करोड़) बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए।
पुलिस की अपील
देवास पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, वीडियो कॉल, डिजिटल अरेस्ट की धमकी, फर्जी निवेश योजना, QR कोड, APK फाइल या अज्ञात लिंक पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर रिपोर्ट दर्ज कराएं। मोबाइल गुम होने पर CEIR पोर्टल या जिला साइबर सेल में तत्काल शिकायत दर्ज कराएं।